लखनऊ, 14 फरवरी 2025: आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व के महाकुंभ के दिव्य आयोजन को एक माह पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्वेद कथामृत के प्रवर्तक, संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच महाकुंभ के आयोजन और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वह शीघ्र ही प्रयागराज पहुंचने वाले हैं और अपने प्रवास के दौरान वह झूंसी, छतनाग स्थित महर्षि सदाफल देव आश्रम में भी दर्शन और सत्संग के लिए जाएंगे।
संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज ने महाकुंभ के दिव्य आयोजन और सनातन संस्कृति के संरक्षण में उत्तर प्रदेश सरकार के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वर्वेद महामंदिर धाम के आध्यात्मिक संदेश और इसके वैश्विक प्रभाव पर चर्चा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
इस भेंटवार्ता के दौरान विहंगम योग साधना और इसके माध्यम से आत्मज्ञान के प्रसार पर भी विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विहंगम योग के योगदान की प्रशंसा करते हुए इसे समाज कल्याण और आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम बताया।