DNTV India News Hindi News, हिंदी न्यूज़ , Today Hindi Breaking, Latest Hindi news..

Question on Chief Minister's Pragati Yatra

लूट सको तो लूट लो के तर्ज पर बिहार में चेहरा चमकाने वाली सरकार चल रही है : शक्ति सिंह यादव

पटना, बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आज प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार का नामोनिशान नहीं है और राज्य के प्रशासन को रिटायर्ड अधिकारियों और कुछ नेता अपनी मर्जी से चला रहे हैं।

बिहार में भ्रष्टाचार का बोलबाला

शक्ति सिंह यादव ने कहा,
“बिहार में भ्रष्टाचार अब एक संस्थागत प्रणाली बन चुका है। सरकारी खजाने का दुरुपयोग हो रहा है और सत्ता प्रतिष्ठान सिर्फ अपने चेहरों को चमकाने में लगा हुआ है। जब तक यह स्थिति नहीं सुधरेगी, तब तक बिहार में प्रगति नहीं हो सकती।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार सरकार का संचालन पूरी तरह से रिटायर्ड अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है, और ट्रांसफर-पोस्टिंग को उद्योग का दर्जा दे दिया गया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि गठबंधन के एक बड़े नेता और मंत्री ने भी इस पर सवाल उठाया है, लेकिन सरकार चुप है।

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा पर सवाल

राजद प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘प्रगति यात्रा’ पर भी गंभीर सवाल उठाए।
“यह यात्रा अब दुर्गति यात्रा में बदल चुकी है। मुख्यमंत्री ने जनता से मिलने का दावा किया, लेकिन एक भी फोटो, फुटेज या वीडियो में यह साबित नहीं हो पाया कि वह आम जनता से मिल रहे हैं। 2 अरब 25 करोड़ 70 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद यह यात्रा किसी भी जनहितकारी कार्य में बदल नहीं पाई।”

सरकारी खजाने का दुरुपयोग

शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ‘लूट सको तो लूट लो’ के आधार पर चल रही है और सरकारी खजाने का दुरुपयोग केवल सत्ता में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।

बीपीएससी अभ्यर्थियों के लिए राजद की प्रतिबद्धता

राजद नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी बीपीएससी के अभ्यर्थियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लेकर गंभीर है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे।

नेताओं की उपस्थिति

इस संवाददाता सम्मेलन में एजाज अहमद, अरूण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा और आरजू खान सहित कई अन्य सामिल रहे ।