DNTV India News Hindi News, हिंदी न्यूज़ , Today Hindi Breaking, Latest Hindi news..

Women's Day

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति का सम्मान, डीएम ने शिक्षा को बताया सशक्तिकरण का माध्यम

जमुई: जिला प्रशासन द्वारा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अभिलाषा शर्मा और जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी ने विशिष्ट महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

महिलाओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

सम्मानित होने वाली महिलाओं में चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. खुशबू कुमारी, शिक्षा क्षेत्र से नूपुर कुमारी, नगर परिषद की ईओ डॉ. प्रियंका गुप्ता, टाउन प्लानर स्नेहल अंशु, डीपीओ रश्मि रंजन, सीडीपीओ ज्योति कुमारी, पर्यवेक्षिका रश्मि कुमारी, सेविका स्नेहलता समेत अन्य कई महिलाएं शामिल थीं। इसके अलावा ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय धरमपुर और अन्य संस्थानों की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

डीएम ने दिया शिक्षा और समानता का संदेश

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अभिलाषा शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा, “संविधान ने महिलाओं को समान अधिकार प्रदान किए हैं, लेकिन समाज में अभी भी भेदभाव की मानसिकता बनी हुई है। इसे दूर करने के लिए महिलाओं को शिक्षित और सशक्त होना जरूरी है।” उन्होंने सम्मानित महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नारी शक्ति को सजग और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

शिक्षा से ही आएगा समाज में परिवर्तन

डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल ने कहा कि “यदि महिलाएं शिक्षित होंगी, तो पूरा समाज शिक्षित होगा। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के समान कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं, हमें उनके अधिकारों को सुनिश्चित करना होगा।” उन्होंने सभी से महिलाओं का सम्मान करने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होने की अपील की।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने बढ़ाई शोभा

इस मौके पर डीटीओ मो. इरफान, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, डीआरडीए निदेशक राकेश कुमार सिंह, नजारत उप समाहर्ता अमु आमला, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, समाजसेवी गुड्डू यादव, मनोहर गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम की शुरुआत में आईसीडीएस की डीपीओ रश्मि रंजन ने अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र, पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर किया। वहीं, राज्य उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने अपनी विशिष्ट शैली में मंच संचालन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और उत्क्रमित उच्च विद्यालय धरमपुर की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। इस समारोह में महिलाओं की भारी संख्या में उपस्थिति ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ते कदमों को दर्शाया।