Chief Minister Yogi Adityanath painted in the colors of Bhasm Puja and Phaag
गोरखपुर: प्रेम, सद्भाव और उल्लास का प्रतीक होली पर्व गोरखनाथ मंदिर में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में परंपरागत रूप से ‘भस्म पूजा’ का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।
गोरखनाथ मंदिर में हर वर्ष विधि-विधान से होने वाली भस्म पूजा एक आध्यात्मिक परंपरा है, जिसमें भक्त भगवान शिव और गोरक्षनाथ जी की आराधना करते हैं। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूजा के उपरांत मंदिर परिसर में फाग महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने गुलाल और फूलों की वर्षा के साथ उत्सव का आनंद लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बृज की होली के गीतों ने समां बांध दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं के साथ फाग का आनंद लिया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
होली का है एक संदेश- ‘एकता से ही अखंड रहेगा देश’
रंग, उमंग, उत्साह वाली होली
समता, समरसता, सौहार्द वाली होली
असत्य पर सत्य की विजय की होली
प्रदेशवासियों को ‘रंगोत्सव’ की शुभकामनाएं! – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में मुख्यमंत्री की उपस्थिति
रंग और उमंग के महापर्व ‘होली’ के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त किया।
भगवान नरसिंह जी का अवतार धर्म की विजय, न्याय की स्थापना और सज्जनों के कल्याण का प्रतीक है। उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संत-महंत उपस्थित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
गोरखनाथ मंदिर में इस अनूठे आयोजन ने श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिकता और भक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक भी है, जो प्रेम, सद्भाव और समरसता का संदेश देता है।