Bihar

विजय सिन्हा के आरोप निराधार, भाजपा की आंतरिक कलह का नतीजा: राजद

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा द्वारा लगाए गए आरोपों को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने फर्जी और निराधार करार दिया है। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विजय सिन्हा ने जो सवाल उठाए हैं, वे पूरी तरह से तथ्यहीन और विभागीय जानकारी के अभाव में दिए गए हैं।

शक्ति सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की आंतरिक गुटबाजी के कारण ही ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2014-15 का मामला उठाया गया है, जब पथ निर्माण विभाग के मंत्री खुद नीतीश कुमार के करीबी थे। यह एक तकनीकी विषय है, जिसमें भुगतान की प्रक्रिया कार्यपालक अभियंता, मुख्य अभियंता और अन्य अधिकारियों के स्तर से तय होती है। ऐसे में विजय सिन्हा का बिना तथ्यों की पड़ताल किए बयान देना, केवल सस्ती राजनीति का हिस्सा है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अगर गलत भुगतान हुआ था, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? विभाग की जिम्मेदारी लंबे समय तक भाजपा के पास रही, फिर भी इस मुद्दे को पहले क्यों नहीं उठाया गया? भाजपा के अंदर चल रही खींचतान को छिपाने के लिए यह आरोप लगाए जा रहे हैं।

इसके अलावा, शक्ति सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शराब और बालू माफियाओं के जरिए अवैध कमाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार विधानसभा में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में भोजन के लिए 6,000 रुपये प्रति प्लेट का बिल बनाया गया था, जो अपने आप में भ्रष्टाचार का उदाहरण है।

राजद प्रवक्ता ने सवाल किया कि जब किसी परियोजना के तहत भुगतान की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार होती है, तो इस मुद्दे को अब उठाने का क्या औचित्य है? उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई कंपनी दोषी थी, तो उसे काली सूची में क्यों नहीं डाला गया? भाजपा के नेता पहले चुप थे, लेकिन जब मीडिया ने यह मामला उजागर किया, तब वे आनन-फानन में बयान देने लगे।

उन्होंने इसे भाजपा की अंदरूनी लड़ाई का नतीजा बताते हुए कहा कि पार्टी में मची उथल-पुथल को छिपाने के लिए ऐसे निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।

(एजाज अहमद, प्रदेश प्रवक्ता, राष्ट्रीय जनता दल, बिहार)

Share
Published by
DNTV इंडिया NEWS

Recent Posts