भाजपा (BJP)

राजापुर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन, उमड़ा जनसैलाब – बड़हरा विधायक हुए भावुक

आरा/कोईलवर/बड़हरा, 07 सितंबर 2025 (रविवार): कोईलवर प्रखंड के राजापुर माचा स्वामी खेल मैदान में रविवार को बड़हरा विधानसभा एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे, जिससे मैदान खचाखच भरा रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज और संचालन जदयू जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने किया। आयोजन की पूरी देखरेख बड़हरा विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने की।

मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में बिहार सरकार के पिछड़ा-अतिपिछड़ा कल्याण मंत्री हरी सहनी मौजूद रहे। उनके साथ ही मंच पर जदयू विधान पार्षद संजय सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, लोजपा (रामविलास) संसदीय बोर्ड अध्यक्ष हुलास पांडेय, विधान पार्षद सह सचेतक रीना यादव, रालोमो प्रदेश उपाध्यक्ष योगेन्द्र चौहान, हम सेक्युलर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमाल परवेज, पूर्व सांसद मीना सिंह, पूर्व विधायक संजय सिंह टाइगर, पूर्व विधायक सुनील पांडेय सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

मंचासीन नेताओं का स्वागत अंगवस्त्र, गुलदस्ता और फूलमाला से किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा, जदयू, लोजपा (आर), रालोमो और हम पार्टी के पदाधिकारियों ने बड़े मालाओं से नेताओं का भव्य स्वागत किया।

नेताओं के संबोधन

  • मंत्री हरी सहनी ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार विकास की गति को नई दिशा दे रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से किसान, युवा, महिलाएं और गरीब सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने 125 यूनिट मुफ्त बिजली, पेंशन वृद्धि और जीविका दीदियों को उद्योग के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
  • जदयू विधान पार्षद संजय सिंह ने बड़हरा की धरती को बिहार का चित्तौड़गढ़ बताते हुए कहा कि यहां की जनता का उत्साह एनडीए की ताकत का प्रमाण है।
  • बड़हरा विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में भी महिलाओं की भारी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि एनडीए सरकार ने महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता दी है। उन्होंने चेताया कि महिलाएं किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कराए जा रहे फर्जी कागजी हस्ताक्षर से सतर्क रहें।
  • विधान पार्षद रीना यादव ने कहा कि पहले उन्हें लोग उनके पति के नाम से पहचानते थे, लेकिन आज वह अपने नाम से जानी जाती हैं, और यह बदलाव एनडीए सरकार की नीतियों से संभव हुआ है।

एनडीए की एकजुटता पर जोर

सभी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और भोजपुर की सभी सातों सीटें जीतने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मिथलेश कुशवाहा, अंजनी कुमार सिंह, हरेन्द्र पांडेय, विजय सिंह, उदय प्रताप सिंह, संजय तिवारी, दुर्गा पटेल, मुखिया अर्जुन सिंह समेत एनडीए के हजारों कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।